फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया किशोर लापता

Mon, 15 Jul 2024 12:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
महबूबगंज (अयोध्या)। कोतवाली गोसाईगंज के श्री श्रृंगी ऋषि आश्रम में दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर लापता हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कई घंटे रेस्क्यू किया, लेकिन किशोर का कहीं पता नहीं चला। पुलिस भी किशोर की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

क्षेत्र के ईशापुर निवासी राघवराम कनौजिया का पुत्र रवि कुमार कनौजिया (16) 12वीं का छात्र है। रविवार की दोपहर लगभग एक बजे उसने गांव के ही अपने दोस्तों राज पांडेय, दिव्यांश पांडेय, अनमोल पांडेय व दुर्गा शंकर पांडेय के साथ श्री श्रृंगी ऋषि आश्रम पर सरयू नदी में नहाने के लिए गया था। रवि के दोस्त अनमोल पांडेय ने बताया कि रवि ने उन्हें व अन्य दोस्तों को फोन करके नहाने के लिए बुलाया था। सभी लोग नदी के किनारे कपड़े उतार रहे थे कि सबसे पहले रवि नदी में कूद गया। अधिक गहराई होने के कारण वह डूबने लगा। यह देख सभी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तैरना न आने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। कुछ देर तक वह डूबता दिख रहा था, लेकिन अचानक नदी में गुम हो गया।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सीओ अरुण प्रताप सिंह चौकी प्रभारी यशवंत द्विवेदी व गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और लगभग पांच घंटे तक कांबिंग की। लेकिन किशोर का कहीं सुराग नहीं मिला। खबर लिखे जाने तक भी टीमें नदी में तलाश करती रहीं। वहीं, घटना की सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण व स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए। अपने-अपने तरह से लोग पुलिस की मदद करते रहे, लेकिन शाम तक भी कोई सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन

एक भाई की पहले हो चुकी है मौत
रवि के पिता राघवराम कनौजिया मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बेटे थे। इनमें एक बेटे की मौत लगभग छह माह पहले बीमारी के चलते हो गई थी। उस समय परिवार में पहाड़ टूटा, लेकिन किसी तरह दो अन्य बेटों का मुंह देखकर उनमें फिर से जीने की चाह जगी थी। इस बीच दूसरे बेटे के साथ घटना हुई तो सदमा परिवार के लोग बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। परिजनों की चीख-पुकार से श्रृंगी ऋषि आश्रम परिसर गूंजता रहा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें