मिल्कीपुर। इनायतनगर के दुर्गापुर घुरेहटा निवासी श्यामलाल के घर रह रही किशोरी मधु (17) का शव संदिग्ध हालात में बिस्तर पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर छानबीन शुरू की है।
इनायतनगर के बड़डांडा, पूरे भगत गांव निवासी राजितराम की बेटी मधु बचपन से ही अपनी बुआ के घर रहती थी। उसके फूफा श्यामलाल ने बताया कि उनके कोई संतान नहीं थी। उनके पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। वह मधु को बचपन से ही पाल-पोष रहे थे। शनिवार को भोजन करके वह बाहर लेटे थे। रात करीब 10 बजे अचानक अंदर से दरवाजा खटखटाने की आवाज सुन उन्होंने दरवाजा खोला तो सामने गांव का ही युवक शिवम दिखाई दिया।
उसने बताया कि मधु की तबियत खराब है। उन्होंने उसके यहां होने पर सवाल किया तो उसने बताया कि अहिरौली सलोनी निवासी नंदकुमार ने उसे भेजा है। वह अंदर गए तो मधु चारपाई पर पड़ी थी। उसका हाथ-पैर ठंडा था। पुलिस को सूचना देते हुए वह उसे लेकर सीएचसी मिल्कीपुर गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।