राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी।
अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जितेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बालिका जिला टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथि मंडलीय विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह व विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम लता रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथियों ने कहा कि स्व. जितेंद्र सिंह खेल जगत में जिले की प्रेरणा थे और उन्होंने कई कीर्तिमान स्थापित किए। प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनमें टेनिस बॉल क्रिकेट संघ अयोध्या, जिला विद्यालय क्रीड़ा समिति, एडवेंचर क्लब, मिशन, पानी संस्थान क्रीड़ा समिति और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल रहे।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में टीबीसीए ने मिशन को 26 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में विद्यालय क्रीड़ा समिति ने पानी संस्थान को हराया। फाइनल मुकाबला टीबीसीए और विद्यालय क्रीड़ा समिति के बीच खेला गया, जिसमें विद्यालय क्रीड़ा समिति ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 रन बनाए। जवाब में टीबीसीए ने चार ओवर पांच गेंद में लक्ष्य हासिल कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। टीम की ओर से विधि ने 20 और नीलम ने 15 रन बनाए। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव परमेंद्र सिंह, जिला तलवारबाजी संघ के सचिव विजेंद्र सिंह, जिला टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के सचिव रामेंद्र सिंह, अनुज कुमार, माला यादव, पुष्पा यादव, सुनील तिवारी और संजय जायसवाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।(संवाद)