अयोध्या। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। एसएसपी ने थाना अयोध्या में तैनात आरक्षी नागरिक पुलिस अंकित पाण्डेय व थाना कैंट में तैनात उपनिरीक्षक रणजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग से जारी प्रेस नोट के अनुसार, थाना अयोध्या पर तैनात आरक्षी अंकित पाण्डेय 10 जून से लगातार बिना अनुमति के ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे थे। लंबे समय तक अनुपस्थित रहने को अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी
वहीं, थाना कैंट में तैनात उपनिरीक्षक रणजीत सिंह के खिलाफ विवेचनात्मक कार्यवाही में घोर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने की शिकायत सामने आई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।