26- भारतीय वायु सेना के इंडक्शन पब्लिसिटी ड्राइव में मौजूद मुख्य अतिथि विंग कमांडर मनीष वर्मा व
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में सोमवार को सेवायोजन सूचना व मंत्रणा केंद्र की ओर से भारतीय वायु सेना के इंडक्शन पब्लिसिटी ड्राइव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विंग कमांडर मनीष वर्मा ने कहा कि वायु सेना में कॅरियर बनाने के लिए एनडीए, सीडीएस व एफकैट के माध्यम से छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। सभी विषय के विद्यार्थी एयर फोर्स जॉइन कर देश सेवा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना विश्व की उत्कृष्ट वायु सेना में से एक है। भारतीय वायु सेना ‘मिशन टू प्रीपेयर फॉर वॉर एंड डिटेक्ट इट’ के तहत काम करती है। हमारा मानना है कि लड़ाई की तैयारी करेंगे तो लड़ने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विंग कमांडर ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला पोस्ट पर भारतीय वायु सेना की वीरता व शौर्य को दर्शाते हुए कहा कि वायु सेना अपने एयर फोर्स ऑपरेशन ‘मनसा-वाचा-कर्मणा’ के सिद्धांत पर काम करती है। चाहे लड़ाई में सीमा पार करना हो, सेना का साजो-सामान पहुंचाना हो या मुश्किल घड़ी में नागरिकों की मदद करना और उनका बचाव करना हो।
वायु सेना संबंधी क्विज का भी आयोजन, छात्र-छात्राएं पुरस्कृत
विंग कमांडर ने कहा कि परमवीर चक्र वीरता के लिए दिया जाता है। फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत को पहला परम वीर चक्र दिया गया था, जो अदम्य साहस और वीरता का प्रतीक है। भारतीय वायु सेना वर्तमान में अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली और रडार का प्रयोग करती है। ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय वायु सेना ने दोनों अन्य सेनाओं के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सहयोग किया। वायु सेना संबंधी क्विज का आयोजन कर सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान प्रो. फर्रुख जमाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, आशीष मिश्र, डॉ. अंशुमान पाठक, डॉ. त्रिलोकी यादव व डॉ. सुधीर सिंह सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।