कुमारगंज। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय में बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर को सामने आई, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्र 22 वर्षीय अनिल तिवारी ओझा का पुरवा थाना वजीरगंज जनपद गोंडा का रहने वाला था। वह अमरावती छात्रावास के कमरा नंबर नौ में रहता था। उसके दो साथी छात्र एक अप्रैल की रात दूसरे कमरे में रुके थे। बृहस्पतिवार को पार्सल देने आए युवक ने दरवाजा बंद पाया और छात्रों की मदद से दरवाजा खोलने पर अनिल का शव पंखे से लटका मिला। घटना स्थल पर अनिल के पैर तख्त पर थे और बिस्तर अस्त-व्यस्त था, जिससे परिस्थितिजन्य साक्ष्य घटना को संदिग्ध बना रहे हैं। विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कुमारगंज पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद फिंगरप्रिंट टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
हॉस्टल प्रशासन पर उठे सवाल
छात्रों ने बताया कि अमरावती छात्रावास के अधीक्षक डॉ. जसवंत सिंह और सहायक वार्डन डॉ. कुलदीप पांडेय अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। छात्रों के अनुसार कुलपति के निजी सचिव का अतिरिक्त दायित्व संभालने के बाद से छात्रावास का अनुशासन बिगड़ गया है। यह विश्वविद्यालय परिसर में छात्र की मौत का पहला मामला नहीं है पहले भी कई छात्रों की अलग-अलग परिस्थितियों में मौतें हो चुकी हैं। इस घटना ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।