अयोध्या। खेल के क्षेत्र में अयोध्या को एक बार फिर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलेगा। नवंबर में डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स और हॉकी की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रदेश भर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर खेल विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, खेल मैदान की व्यवस्था और प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है। एथलेटिक्स में खिलाड़ी अपनी गति, शारीरिक क्षमता और दमखम का प्रदर्शन करेंगे, जबकि हॉकी में विभिन्न मंडलों की टीमें मुकाबलों के जरिये अपनी श्रेष्ठता साबित करने उतरेंगी।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि नवंबर में डाभासेमर स्टेडियम में दोनों प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।