अयोध्या। दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम ने करीब 200 पूजा पंडालों में सफाई की व्यवस्था की है। प्रत्येक पंडाल में दो सफाईकर्मियों के साथ निगरानी के लिए एक सुपरवाइजर तैनात किया गया है। कूड़ा खुले में फेंकने से रोकने के लिए पंडालों के पास डस्टबिन रखवाए गए हैं। पूजा समितियों को सफाईकर्मियों और सुपरवाइजर के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सफाई कराई जा सके।
नगर निगम का जोर पंडालों के साथ आसपास के रास्तों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर भी है। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहगंज, चौक चौराहा और गुड्डी बाजार सहित प्रतिमा विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान आवागमन, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेकर पर्व से पहले सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।
फतेहगंज ओवरब्रिज के पास नालियों के ढक्कन टूटे होने और गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने टूटे ढक्कनों की मरम्मत और सफाई प्राथमिकता से कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
दुर्गा पूजा और दशहरा की तैयारियों की समीक्षा
अयोध्या धाम स्थित जोनल कार्यालय में दुर्गा पूजा, प्रतिमा विसर्जन और दशहरा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें अपर नगर आयुक्त भारत और सहायक नगर आयुक्त ज्वाला प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विसर्जन मार्गों, घाटों और राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
दो वार्डों में चला सफाई अभियान
फोटो- 16
अयोध्या। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत नगर निगम ने कर्पूरी ठाकुर और पुरुषोत्तम नगर वार्ड में सफाई अभियान चलाया। नाले-नालियों की सफाई के साथ चूने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। मच्छरों की रोकथाम के लिए मैलाथियान और एंटी लार्वा दवा का भी इस्तेमाल किया गया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम मणि शुक्ला ने बताया कि पूजा पंडालों में नियमित सफाई के साथ नाले-नालियों की सफाई और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले और संचारी रोगों के प्रसार पर अंकुश लगाया जा सके।