38-डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय क्रीड़ा संस्थान में तरणताल का शुरु हुआ पेटिंग कार्य।-संवाद
अयोध्या। मकबरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय क्रीड़ा संस्थान की सूरत अब बदलने लगी है। लंबे समय से बदहाल सुविधाओं और रखरखाव की कमी से जूझ रहे परिसर के सुंदरीकरण और सुविधाओं के विस्तार का काम शुरू हो गया है। इसके लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से 4.13 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। काम पूरा होने के बाद यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
योजना के तहत पूरे परिसर में पेंटिंग का काम शुरू हो गया है। बहुउद्देशीय हॉल का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसमें बैडमिंटन और टेबल टेनिस के लिए उपलब्ध स्थान को व्यवस्थित कर बेहतर बनाया जाएगा। छात्रावास के सुंदरीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। परिसर के तरणताल की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। इसके लिए फिल्टर प्लांट लगाया जाएगा। तरणताल के ऊपर शेड और शौचालय का भी सुंदरीकरण होगा। खेल मैदान में पानी की पर्याप्त उपलब्धता के लिए वाटर सप्लाई की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत 30 गुणा 40 मीटर का खो-खो मैदान तैयार किया जाएगा। ताइक्वांडो और कबड्डी के लिए इनडोर शेड बनाया जाएगा। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए नया टॉयलेट ब्लॉक भी तैयार होगा। परिसर में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए तीन हाईमास्ट लगाए जाएंगे। खासकर बारिश और गर्मी के दौरान इनडोर शेड और बेहतर मैदान की सुविधा मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास में सहूलियत होगी। क्रीड़ा संस्थान परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से ओपन जिम भी स्थापित किया गया है। इसमें 10 उपकरण लगाए गए हैं। ओपन जिम अब लोगों के प्रयोग में आने लगा है।
38-डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय क्रीड़ा संस्थान में तरणताल का शुरु हुआ पेटिंग कार्य।-संवाद