यूपी के अयोध्या में शुक्रवार देर शाम अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे रखे ईंट के चट्टे से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रामा सेंटर, लखनऊ के लिए रेफर किया गया है।
हादसा मिल्कीपुर क्षेत्र के हलियापुर-कूरेभार रोड स्थित पीरो सरैया गांव के पास हुआ। कुमारगंज क्षेत्र के रहने वाले नरेंद्र भादा और पूरे रमधीर निवासी राजेंद्र पांडेय नौकरी के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे थे। सुल्तानपुर पहुंचने पर उनकी ट्रेन छूट गई। इस पर उन्होंने अपने बेटे शुभम को फोन किया। शुभम गांव के ही राम बहादुर की बोलेरो लेकर पिता को लेने के लिए के निकला।
सड़क किनारे रखे ईंट के चट्टे से टकराई बोलेरो
उसके साथ राम बहादुर का पुत्र अरविंद सरोज और उसका चचेरा भाई रविंद्र पांडेय भी थे। स्टेशन से लौटते समय आधी रात करीब 1.40 बजे पीरो सरैया गांव के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ईंट के चट्टे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। अरविंद (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल शुभम, राजेंद्र व रविंद्र को जिला अस्पताल, सुल्तानपुर पहुंचाया। वहां शुभम (27) ने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने गंभीर अवस्था में घायल राजेंद्र (55) व रविंद्र (18) को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। वहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
शव पहुंचे गांव तो घरों में मचा कोहराम
बताया गया कि शुभम इकलौता पुत्र था। घर पर उसकी पत्नी बबिता व तीन वर्षीय पुत्र शुभ है। अरविंद तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके दो भाई अजय व सुरेंद्र हैं। अरविंद की सगाई बीती 11 मई को हुई थी। शनिवार को करीब 3:30 बजे उनके शव गांव पहुंचे तो घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।