अयोध्या। पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस दौरान अयोध्या धाम के कुंडों की विशेष सफाई की जाएगी। साथ ही विभिन्न आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर चिंता मुखर होगी। पृथ्वी दिवस की तैयारियों के मद्देनजर नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने रामनगरी के पौराणिक कुंडों की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने सीता कुंड, विद्या कुंड व दशरथ कुंड समेत अन्य पौराणिक जल स्रोतों का निरीक्षण किया। उन्होंने पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने और जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अयोध्या धाम के सभी कुंडों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए मातहतों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, जल की शुद्धता, जल निकासी, किनारों की स्वच्छता, पौधरोपण व सुंदरीकरण की प्रगति की समीक्षा की। नगर आयुक्त ने सभी कुंडों की रोस्टरवार नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल में किसी प्रकार की गंदगी न रहने पाए। आसपास के क्षेत्रों में प्लास्टिक व अन्य कचरे का निस्तारण वैज्ञानिक विधि से किया जाए।
उन्होंने कुंडों की सफाई के लिए पैडल बोट खरीदने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी कुंडों के बाहर उनके महत्व व जनसमस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1533 अंकित कराने के साथ एंटी लिट्रिंग संदेश अंकित कराने की हिदायत दी, जिससे स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक किया जा सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि पृथ्वी दिवस पर अयोध्या धाम के सभी कुंडों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अयोध्या धाम की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने के लिए कुंडों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ये न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी इनका योगदान है। नागरिकों से प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ व संरक्षित रखने के लिए जनसहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ व सुंदर अयोध्या का निर्माण तभी संभव है, जब हर नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।