अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नमो ड्रोन दीदी योजना के लिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं छह महिलाओं का चयन किया गया है। इन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है। अब इन्हें 10 लाख रुपये की लागत से ड्रोन उपलब्ध कराया जाएगा। इस ड्रोन का इस्तेमाल खेतों में कीटनाशक व खाद के छिड़काव के लिए किया जाएगा।
ये ड्रोन किसानों को किराये पर दिए जाएंगे, जिससे महिलाओं की कमाई होगी। इस योजना से खेती-किसानी में ड्रोन की उपयोगिता बढ़ेगी। पूसा से प्रशिक्षण लेकर सोहावल के इस्माइल नगर की पूनम पांडेय, यहीं की संजू यादव, रुदौली के संडवा गांव की सबीना खातून, पारा पहाड़पुर की गायत्री, सराय मुगल की नैंसी चौहान व कुंडरा की शीला यादव लौट आई हैं। इन महिलाओं ने बताया कि प्रधानमंत्री की यह योजना बहुपयोगी है। एक ड्रोन पर 10 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए आठ लाख रुपये सरकार देगी। बाकी के दो लाख नेशनल एग्रीकल्चर इंफ्रा फाइनेंसिंग फैसिलिटी से लोन मिलेगा। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा ने बताया कि मिशन के जरिये महिलाओं को रोजगार मिल सकेगा। इससे वह लखपति दीदी बन सकेंगी।