तारुन थाने में एसडीएम बीकापुर श्रेया ने की जनसुनवाई।
अयोध्या। जनपद के पुलिस थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। बीकापुर, तारुन, हैदरगंज, मिल्कीपुर, कुमारगंज व खंडासा थानों पर 99 पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें महज छह के मामलों का निस्तारण हो सका है।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक इनायतनगर में प्रभारी तहसीलदार संतोष कुमार कुशवाहा ने प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के साथ सुनवाई की। सराय पूरे काशीराम के जियालाल की शिकायत थी कि विपक्षी नाथूराम ने उनके खेत को जाने वाले चकमार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया है। कदनपुर के महावीर की शिकायत थी कि उनकी निजी भूमि पर गांव के अमरनाथ व हरिप्रसाद जबरन घूर लगा रहे हैं। तहसीलदार ने जांच कर मामले के निस्तारण का निर्देश क्षेत्रीय लेखपाल को दिया। क्षेत्र के 18 शिकायतों में महज तीन का निस्तारण मौके पर हो सका है। कुमारगंज थाने में सीओ मिल्कीपुर पीयूष व थानाप्रभारी सुरेश पटेल ने जनसुनवाई की। कुल नौ में क्षेत्राधिकारी ने एक शिकायत का निस्तारण मौके पर कराया। वहीं थाना खंडासा में थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार सोनकर ने सुनवाई की। 10 मामले दर्ज किए गए, यहां भी एक शिकायत का निस्तारण हो सका है।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली परिसर में तहसीलदार दिनेश कुमार की अध्यक्षता में 22 प्रार्थना पत्र आए। जिसमें 18 राजस्व मामले से संबंधित थे तथा चार शिकायतें पुलिस विभाग से थीं। मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। पैमाइश से संबंधित मामलों में तहसीलदार ने पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम गठित करके निस्तारण के निर्देश दिए।
हैदरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक जनसुनवाई कर रहे नायब तहसीलदार बीकापुर रामखेलावन, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील सिंह के समक्ष 20 मामले समाधान को आए। 15 राजस्व व 05 पुलिस से संबंधित थे। महज एक को मौके पर समाधान मिल सका है।
तारुन प्रतिनिधि के मुताबिक एसडीएम श्रेया की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस पर 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे, लेकिन एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। अधिकारियों ने सभी की बात सुनकर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।