अयोध्या। अयोध्या कैंसर केयर फाउंडेशन (एसीसीएफ) ने अयोध्या में प्रस्तावित 150 बिस्तरों वाले कैंसर अस्पताल की स्थापना के लिए दस्तावेजीकरण कार्य पूरा होने की घोषणा की है। अस्पताल के लिए छह एकड़ भूमि दान करने वाले दान अभिलेख पर 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हस्ताक्षर किया जाएगा। यह अस्पताल दिवंगत राजा बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा की स्मृति में स्थापित किया जा रहा है। प्रस्तावित अस्पताल अयोध्या और गोंडा, बहराइच, सुल्तानपुर जैसे पड़ोसी जिलों के लोगों को लाभान्वित करेगा।
वैधानिक स्वीकृतियों और निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल लगभग 24 महीनों में पूरी तरह से चालू हो जाएगा। अस्पताल में आंकोलॉजी से जुड़ी हर सुविधाएं और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिवंगत राजा बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के पुत्र यतींद्र मोहन प्रताप मिश्रा और उनके चाचा शैलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा ने अयोध्या में यह छह एकड़ भूमि निशुल्क दान की है। यह भूमि अयोध्या कैंसर केयर फाउंडेशन को दी गई है, जो परियोजना का पूर्ण निष्पादन, रखरखाव और संचालन करेगा। यह अस्पताल नमो कैंसर एक्सेस नेटवर्क का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश भर में कैंसर देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
पिता की स्मृति और मूल्यों को श्रद्धांजलि: यतींद्र
यतींद्र मिश्रा ने कहा, यह अस्पताल मेरे पिता की स्मृति और उनके मूल्यों-करुणा, सेवा और जरूरतमंदों की देखभाल को एक श्रद्धांजलि है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के प्रति भी आभार जताया है जिनकी प्रेरणा से यह संभव हो पाया है।