अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के क्रम में रविवार को एसआईटी ने धर्म सेना प्रमुख और हिंदूवादी नेता संतोष दुबे से पूछताछ की। सीओ सिटी कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के दौरान एसआईटी प्रमुख डीआईजी वैभव कृष्ण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करीब 15 मिनट तक उनसे बातचीत कर मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। इस दौरान उनसे कुछ साक्ष्य भी उपलब्ध कराने को कहा गया।
सूत्रों के अनुसार, संतोष दुबे को रविवार शाम करीब 8:30 बजे सीओ सिटी कार्यालय बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसआईटी ने उनके पूर्व में लगाए गए आरोपों और उनके पास उपलब्ध तथ्यों के संबंध में जानकारी जुटाई।
पूछताछ के बाद रात करीब 9:15 बजे संतोष दुबे कार्यालय से बाहर आए। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ने सामान्य तरीके से पूछताछ की है और उनसे किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती नहीं की गई। उन्होंने अब तक की जांच प्रक्रिया पर संतोष भी जताया।
गौरतलब है कि बाबरी विध्वंस प्रकरण के आरोपी रहे संतोष दुबे राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में शुरू से ही मुखर रहे हैं। वह लगातार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे हैं। ऐसे में एसआईटी की ओर से उनसे की गई पूछताछ को जांच के अहम चरण के रूप में देखा जा रहा है।