श्री श्याम परिवार की निशान यात्रा में शामिल महिलाएं।
गोसाईगंज। नगर में शनिवार को श्री श्याम परिवार की ओर से श्री श्याम महोत्सव निशान यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में दो हजार से अधिक महिलाएं और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा राधा कृष्ण मंदिर से प्रारंभ हुई, जिसे नगर पंचायत अध्यक्ष विजयलक्ष्मी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 301 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपने कंधों पर श्री श्याम का निशान उठाया। खाटू श्याम का फूलों से सजा रथ इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। भक्त खाटू नरेश की जय और राधे-राधे के जयकारों के साथ भजन गाते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर बाबा श्याम का स्वागत किया।
यह यात्रा राधा कृष्ण मंदिर से निकलकर तेलियागढ़ चौराहा, भीटी तिराहा और कटरा बस स्टैंड होते हुए फिर तेलियागढ़ स्थित दशरथ वाटिका परिसर पहुंची। यहां भगवान खाटू श्याम की आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। लगभग दो हजार महिलाएं पीले और लाल पारंपरिक वस्त्रों में भक्ति गीतों पर नृत्य करती रहीं। इसमें राजेश कुमार, राहुल कुमार, पंकज कुमार, सभासद रविंद्र यादव सहित कई लोग शामिल रहे।