अयोध्या। कमिश्नर राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक आयुक्त सभागार में हुई। कमिश्नर ने अंबेडकरनगर के अग्रणी जिला प्रबंधक को बिना पूर्व सूचना के बैठक में अनुपस्थित होने पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई और निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में करने के लिए कहा।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए जिला स्तर पर संबंधित बैंकों के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा करते हुए डीसी अमेठी को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करें। एक जनपद-एक उत्पाद वित्तीय पोषण योजना में भी संबंधित बैंकों के साथ बैठक करते हुए आवेदनों को समय पर निस्तारित न किए जाने की समीक्षा की जाए।
कमिश्नर ने एमओयू व जीबीसी से संबंधित विवरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि कंपनियों और फर्मों के साथ जिला स्तर पर बैठक करते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण कर प्रस्तावित एमओयू को धरातल पर उतारा जाए। इस दौरान उद्योगपतियों की ओर से उद्योग से संबंधित बिजली की समस्या को रखा गया। इनके निस्तारण की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्त उद्योग को सौंपी गई।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग सविता भारती रंजन, सहायक प्रबंधक मिट्ठू लाल यादव, उपायुक्त उद्योग सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, अंबेडकर नगर व सुल्तानपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व मंडल के विभिन्न जिलों से आए उद्योगपति मौजूद रहे। इसी कड़ी में मंडलीय माइको एंड स्माल इंटरप्राइजेज, फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक हुई। इसमें विभिन्न वाद की समीक्षा की गई।