गौराघाट। क्षेत्र के गयासपुर मजरे सकतपुर में पेंशन के विवाद में बहू ने सास की पिटाई कर दी। घायल बुजुर्ग महिला को सीएचसी तारुन में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गांव निवासी संवारी देवी (70) की सोमवार शाम बहू उमा यादव से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि उमा ने सास की पिटाई कर दी। संवारी देवी के नाती मौसम यादव ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। मौसम ने बताया कि उनकी मामी और नानी में पेंशन को लेकर झगड़ा हुआ था। संवारी देवी विधवा है। पति की मौत के बाद से उन्हें पेंशन मिल रही है, जिससे वह जीविका चलती हैं। वह कुछ समय पहले तक अपने दूसरे बेटे घनश्याम के साथ कोलकाता में रहती थी। सर्दी-खांसी व अन्य बीमारी के इलाज के लिए गांव आई थीं। उमा उनके बड़े बेटे राधेश्याम की पत्नी हैं। शिक्षामित्र भी हैं। थाना प्रभारी संदीप त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।