सोहावल। शारदा सहायक बड़ी नहर अजनाई तारा के निकट कटने से बच गई। एक पुलिया के पास हुए रिसाव ने कटान का रूप ले लिया था, जिससे नहर के किनारे की पक्की सड़क भी धंसने लगी थी। ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
रविवार को अजनाई तारा के निकट एक पुलिया के पास से नहर का रिसाव शुरू हुआ। नहर अपने पूरे रौ में बह रही थी, जिससे कटान का खतरा बढ़ गया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नहर को कटते देखा और सैकड़ों एकड़ फसल के जलमग्न होने की आशंका से चिंतित हो गए। उन्होंने तत्काल तहसील प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और बाढ़ एवं नहर विभाग के अभियंता मौके पर पहुंचे। मजदूरों की मदद से कटान स्थल को भरने का काम शुरू किया गया।
नहर में रिसाव जारी
तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कटान बड़ा होने से पहले ही नहर और बाढ़ खंड के अभियंता मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि मिट्टी भराई का काम चल रहा है और अब नहर कटने की आशंका नहीं है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी मशीन ने काम नहीं कराया गया। उनका कहना है कि नहर कटने से तो बच गई, लेकिन रिसाव अब भी जारी है।