अयोध्या। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से शहरी क्षेत्र में सात स्थानों पर नालों का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। इसी के साथ जनौरा क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का निर्माण पूरा होने के बाद पंप हाउस का निर्माण कराए जाने की तैयारी है। नालों का निर्माण होने के बाद बेहतर जल निकासी हो सकेगी। बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से भी मुक्ति मिलेगी।
नगर निगम की ओर से महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के निर्देशन में निरंतर जल निकासी के इंतजामों को बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हनुमान कुंड वार्ड में भक्त महल के पीछे से बड़ी छावनी होते हुए परिक्रमा मार्ग तक 48.63 लाख रुपये की लागत से नाला का निर्माण कराया जाएगा। इसके माध्यम से इस क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
सरदार भगत सिंह वार्ड के रोहिणी नगर कॉलोनी में छेदिया तालाब अब्बू सराय अंडर पास तक 47.29 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाला का निर्माण कराया जाएगा। लक्ष्मी सागर वार्ड में लालबाग क्रॉसिंग से कुम्हार टोला होते हुए नवरंगी पुलिया तक 99.12 लाख की लागत से आरसीसी नाला का निर्माण कराया जाएगा। जनौरा वार्ड में गिरजा कुंड शिव मंदिर के सामने से एनएच-27 तक 77.44 लाख की लागत से आरसीसी नाला का निर्माण होगा।
शहीद अब्दुल हमीद वार्ड में विष्णु के मकान से चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग तक 68.68 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाला का निर्माण कराया जाएगा। कौशलपुरी वार्ड के जेबीपुरम में देव नर्सिंग होम से रेलवे लाइन तक 58.12 लाख की लागत से आरसीसी नाला बनेगा। निषादराज वार्ड में कैंट की दीवार से पंडारी बाबा मंदिर होते हुए चौदह कोसी मार्ग तक 99.49 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाला बनवाया जाएगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अमर उजाला को बताया कि इनमें से कुछ नालों का निर्माण 15वें वित्त से कराया जाएगा। इन सभी के प्रस्ताव भेज दिए गए हैं।