अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में सुरक्षा घेरे को अब और सख्त किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जाएगी। साथ ही एक केंद्रीय कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। इतना ही नहीं सुरक्षा को पुख्ता करने के साथ विभिन्न शैक्षणिक विभागों की कक्षाओं में पठन-पाठन पर भी नजर रखी जाएगी।
प्रदेश की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने पिछले दिनों दीक्षांत समारोह में आगमन के दौरान शाम को आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए थे। अब कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह की ओर से कुलाधिपति के निर्देश पर अमल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में विभिन्न चरण में 250 सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। इसके बाद उपयुक्त फर्म का चयन कर उसे जिम्मेदारी दी जाएगी।
विश्वविद्यालय परिसर में पिछले कुछ महीनों में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। शिक्षक कॉलोनी में सुरक्षा सुपरवाइजर की ओर से शिक्षकों से अभद्रता की गई थी। इस दौरान कुछ शिक्षकों में भी हाथापाई की नौबत आ गई थी। इसके बाद आईईटी परिसर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में दो शिक्षकों के बीच मारपीट की घटना हुई। इतना ही नहीं नवीन परिसर से आईईटी परिसर तक छात्र गुटों के बीच कई चरणों में मारपीट की घटनाएं हुईं। दीपोत्सव के पहले तुलसी भवन के टॉयलेट में पटाखा दागने से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
सवालों के घेरे में आती रही है परिसर की सुरक्षा व्यवस्था
इस तरह के घटनाक्रमों से विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था निरंतर सवालों के घेरे में आती रही। इसके साथ ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे, जबकि सुरक्षा गार्डों की भारी-भरकम फौज परिसर में मौजूद रहती है। इसके बाद भी इस तरह की घटनाओं को रोका नहीं जा सका। इस पर खुद कुलपति भी नाराजगी जता चुके हैं। मारपीट करने वाले शिक्षकों को निलंबित किया गया है। अभी भी इस घटना की विस्तृत जांच चल रही है। इन्हीं परिस्थितियों में खुद राज्यपाल को परिसर की सुरक्षा में तकनीक की मदद लेते हुए इजाफा करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
नवीन परिसर के धन्वंतरि और तुलसी भवन से होगी शुरुआत
इस संबंध में कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि राज्यपाल के निर्देश के अनुरूप पहले चरण में नवीन परिसर के धन्वंतरि और तुलसी भवन में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। छात्र-छात्राओं के हॉस्टलों में इन्हें लगाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कुछ महत्वपूर्ण स्थानों पर पहले से लगे हुए हैं। दूसरे चरण में परिसर के शैक्षणिक विभागों में इन्हें लगवाया जाएगा। इससे सुरक्षा भी मजबूत होगी और कक्षाओं में पढ़ाई के साथ शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति की भी निगरानी की जा सकेगी।