अयोध्या। जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। परिसर में पहले से तैनात पुलिस बल के अतिरिक्त 10 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इनमें पांच उपनिरीक्षक और एक महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा डेढ़ सेक्शन पीएसी भी तैनात की गई है। उधर, धमकी भरा ईमेल भेजने वाले का स्रोत अब तक पता नहीं चल सका है।
चार नवंबर की दोपहर जिला न्यायालय की अधिकृत ईमेल आईडी पर कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश भेजा गया था। इसी दिन जिले के दो निजी स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिले थे। इनमें आठ से 27 नवंबर तक बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद से खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं और सुरक्षा व्यवस्था लगातार सख्त की जा रही है।
35 पुलिसकर्मी पहले से थे तैनात
न्यायालय परिसर की सुरक्षा में पहले एक निरीक्षक और 10 उपनिरीक्षकों समेत 35 पुलिसकर्मी तैनात थे। अब अतिरिक्त पुलिस बल के साथ प्रवेश द्वारों पर जांच बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को नगर कोतवाल मनोज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने परिसर की जांच की। इससे पहले बीडीएस और डॉग स्क्वायड ने चप्पे-चप्पे को खंगाला। तलाशी के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया।
रामपथ से कचहरी के बाहरी क्षेत्र तक भी निगरानी बढ़ाई गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की जा रही है। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी गई थी। आईपी एड्रेस मिलने के बाद आगे की जांच की जाएगी।