अयोध्या। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। सिविल पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती रही। जीआईसी परिसर की छतों पर भी सशस्त्र जवान तैनात रहे। शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी चैन की सांस ली।
मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर मतगणना शनिवार की सुबह शुरू हुई तो जीआईसी परिसर के आसपास के इलाकों से आवागमन रोक दिया गया। सिर्फ पासधारक व्यक्तियों को आगे जाने की अनुमति दी गई। जीआईसी ओवरब्रिज से उतरते ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं थी। जेल के पीछे बने स्थान पर वाहनों को खड़ा करा लिया गया।
यहां से आगे पैदल ही जाने दिया गया। आगे बढ़ने पर आसपास के सभी गलियों में बैरिकेडिंग रही, जिससे लोग पैदल भी नहीं जा सके। पुष्पराज चौराहे से ही चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया गया। कसाबबाड़ा की तरफ से आने वाले वाहन निदान केंद्र के पास ही रोक लिए गए। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, सीओ रुदौली आशीष निगम आदि पुलिस बल के साथ मतगणना तक डटे रहे। जीआईसी मुख्यमार्ग पर सुरक्षा सख्त रही। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना समाप्त हुई है।