सप्तमंडपम परिसर में पौधरोपण के दौरान मौजूद गोविंद देव गिरि।
अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक में पहली बार राम मंदिर के सीईओ जितेंद्र मिश्र भी शामिल हुए। बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा प्रक्रिया और वित्तीय अनुशासन पर भी चर्चा हुई। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के मुताबिक सीईओ जितेंद्र मिश्र ने बैठक में कई सुझाव दिए। उनके सभी सुझाव उचित लगे और माने गए। बैठक में उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि निर्माण समिति की बैठक में किन-किन स्तरों पर समीक्षा होती है।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि सीईओ ने सुझाव दिया कि जिन एजेंसियों को निर्माण कार्यों के लिए अग्रिम धनराशि दी गई है, उन्हें समय से उसका सदुपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। यदि अग्रिम धनराशि का समय से उपयोग नहीं होता है और उस पर ब्याज अर्जित होता है, तो यह ब्याज ट्रस्ट को मिलना चाहिए। उन्होंने कई सुझाव दिए। बैठक में उनके दिए गए सुझावों को उचित मानते हुए स्वीकार किया गया।
शनिवार को राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि ने सीईओ जितेंद्र मिश्र, ट्रस्टी डॉक्टर कृष्ण मोहन, सचिव जगदीश आफले के साथ मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। ऑडिटोरियम, जगद्गुरू मध्यवाचार्य द्वार, ट्रस्ट कार्यालय समेत सभी निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति देखी और कार्यों को तेज करने का निर्देश दिया। नवरात्र के अवसर पर सप्तमंडपम परिसर में महासचिव ने पौधे भी लगाए।