सोहावल। तहसील सभागार में मंगलवार को एसडीएम गजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में राजस्व कर्मियों की एक बैठक हुई। बैठक में जन सरोकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर सख्त रुख अपनाया। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में सभी लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और न्यायिक पटलों के कर्मी शामिल हुए। एसडीएम ने लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने जन शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। आय, जाति, निवास और ईडब्ल्यूएस की रिपोर्ट तैयार करने में तेजी लाने को कहा गया। खतौनी अंश निर्धारण और किसान रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश दिया गया। हर क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक से कार्यों का फीडबैक भी लिया गया। यह बैठक शासन की जन हितैषी मंशा को पूरा करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। उप जिलाधिकारी ने लेखपालों को निर्धारित अवधि में तहसील मुख्यालय पर मौजूद रहने की सख्त हिदायत दी। उन्हें अपने राजस्व ग्राम पंचायत में भी उपस्थित रहना अनिवार्य बताया गया। इस दौरान तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह, नायब तहसीलदार रेशु जैन और बीके यादव सहित अन्य राजस्व निरीक्षक भी मौजूद रहे।