फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरयू-कमला एक्सप्रेस से मजबूत होंगे अयोध्या-जनकपुर के रिश्ते : योगी

Mon, 23 Nov 2026 11:24 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
43-फोटो- नितिन श्रीवास्तव-अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को संबो​धित करते मुख्यमं
विज्ञापन

विज्ञापन
अयोध्या। अयोध्या और जनकपुर के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को अब रेल संपर्क से नई मजबूती मिलेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के बीच श्रद्धा, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए रास्ते खोलेगी। इससे नेपाल के श्रद्धालुओं को अयोध्या में रामलला के दर्शन और भारतीय भक्तों को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सीधी सुविधा मिलेगी। सोमवार को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के विजन का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह सेवा दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता और पड़ोसी प्रथम की नीति को नई गति देगी।
इनसेट

राम-जानकी परंपरा को मिलेगा नया विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता हजारों वर्षों पुराना रोटी-बेटी का संबंध है। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा अयोध्या से जनकपुर पहुंची महाराजा दशरथ की बरात आज भी विवाह पंचमी जैसे आयोजनों में जीवंत है। जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में उत्सव होता है तो अयोध्या में मंगल गीत गूंजते हैं। नेपाल के पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ से काशी विश्वनाथ और गोरखनाथ मंदिर तक आस्था की साझा परंपराएं दोनों देशों को जोड़ती हैं। लुंबिनी से सारनाथ और कुशीनगर तक भगवान बुद्ध की विरासत भी दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करती है। मुख्यमंत्री ने पिपरहवा के बुद्ध अवशेषों की 127 साल बाद जुलाई 2025 में भारत वापसी को भी गौरवपूर्ण बताया।
विज्ञापन

इनसेट

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेंगे व्यापार और रोजगार के अवसर

योगी ने कहा कि ट्रेन सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी और उत्तर प्रदेश, बिहार व नेपाल के 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे दोनों देशों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। होटल, परिवहन और मिथिला पेंटिंग सहित स्थानीय हस्तशिल्प को नया बाजार मिलेगा। महिला कारीगरों के लिए भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इनसेट

सड़क और रेल परियोजनाओं से मजबूत होगा संपर्क

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल से यूपी के सात जिले करीब 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। रुपईडीहा लैंड पोर्ट, बाराबंकी-बहराइच फोरलेन, सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और 1,450 करोड़ रुपये से बने 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग से संपर्क मजबूत हो रहा है। गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या-सीतामढ़ी-जनकपुर श्रीराम-जानकी मार्ग भी इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं। वर्ष 2018 में शुरू हुई जनकपुर-अयोध्या बस सेवा के बाद यह रेल सेवा संपर्क बढ़ाने की दिशा में नया कदम है।

कार्यक्रम में ये लोग हुए शामिल

दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम से जुड़े। वहीं, अयोध्या धाम में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।


फूलों से सजी अयोध्या धाम पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस

अयोध्या। अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम तक चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस सोमवार को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्वागत के लिए स्टेशन को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। ट्रेन को भी फूलों से सजाया गया था।
किसी ने लगाए जय श्रीराम के नारे तो किसी ने किया कीर्तन

अयोध्या। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर श्रद्धालुओं और यात्रियों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। कुछ लोगों ने हरे राम-हरे कृष्ण का कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। भारत और नेपाल के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
विज्ञापन

पांच घंटे बंद रहा प्लेटफॉर्म नंबर एक

अयोध्या। सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी रही। इस कारण सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक इस प्लेटफॉर्म से ट्रेनों का संचालन बंद रहा। अन्य ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन से किया गया।

43-फोटो- नितिन श्रीवास्तव-अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमं

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें