अवध विश्वविद्यालय में आयोजित ऑपरेशन सिंदूर के पहले वर्षगांठ के अवसर पर मौजूद कैडेड्स।
अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय परिसर शनिवार को राष्ट्रभक्ति और सैन्य शौर्य ओतप्रोत नजर आया। ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर एनसीसी कैडेट्स ने शौर्य स्मरण कार्यक्रम में वीर सैनिकों के साहस और बलिदान को याद किया। कैडेट्स ने तिरंगे को सलामी देकर देश की रक्षा में जुटे जवानों को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित वृत्तचित्र रहा। इसमें 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से लेकर भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई तक की घटनाओं को क्रमवार दिखाया गया। वृत्तचित्र में बताया गया कि हमले के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सीमापार आतंकी ठिकानों के खिलाफ रणनीति तैयार की। इसके तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों पर कार्रवाई की।
वृत्तचित्र में सात और आठ मई 2025 को पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों के प्रयासों का भी जिक्र किया गया, जिन्हें भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने विफल कर दिया। कार्यक्रम में बताया गया कि भारतीय सेना, वायुसेना और खुफिया एजेंसियों के तालमेल से अभियान को सफल बनाया गया।
कार्यक्रम 65 यूपी बटालियन एनसीसी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। संचालन कमांडर कैप्टन प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. श्रीश अस्थाना, डॉ. अनुराग तिवारी, अंडर ऑफिसर दिव्यांशी पाठक सहित व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।