अयोध्या। सीएमओ ने सोमवार को जिले के तीन अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने दोनों का एक दिन का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
कुमारगंज प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार दोपहर सीएमओ डॉ. संजय जैन सौ शय्या अस्पताल कुमारगंज पहुंचे। वार्डों में भर्ती मरीजों से उन्होंने फीडबैक लिया। पंजीकरण केंद्र पर मरीजों की भारी भीड़ देख उन्होंने एक अतिरिक्त काउंटर खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने दवा वितरण कक्ष, डेंगू वार्ड, जनरल वार्ड व ओपीडी आदि को देखा। इस दौरान दो स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले तो उनका वेतन रोकने का आदेश दिया।
सीएमओ ने प्रभारी सीएमएस डॉ. तनुज कुमार चौधरी को भर्ती मरीजों की देखभाल प्राथमिकता से करने और सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कहा कि यदि कोई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी कार्यों के प्रति लापरवाही में संलिप्त मिला तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद वह सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचे और चिकित्सक, एएनएम व सीएचओ के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सही ढंग से परीक्षण व जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, स्टॉप डायरिया प्रोग्राम, बाल स्वास्थ्य पोषण माह, विश्व जनसंख्या माह समेत अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की।