अयोध्या। चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता में कमी मिलने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3) के अधिशासी अभियंता समेत 13 इंजीनियरों पर कार्रवाई की है। डीएम ने सभी अधिकारियों का अगस्त माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकते हुए सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है।
मंडलायुक्त राजेश कुमार के साथ हाल ही में चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं मिला। निरीक्षण में सड़क निर्माण की गुणवत्ता में कमी के साथ ही अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था में भी खामियां सामने आईं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्रवाई की जद में लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-3 के अधिशासी अभियंता सत्यपाल सिंह, सहायक अभियंता अखिल वर्मा, विपिन कुशवाहा और पूर्ण कुमार रस्तोगी तथा अवर अभियंता विनोद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, करुणेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार शर्मा, मनोज कुमार, अशोक कुमार यादव, विनोद कुमार विश्वकर्मा और स्वतंत्र कुमार बीहड़ शामिल हैं। सभी अधिकारियों का अगस्त माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी निर्धारित समय में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या कार्यों में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।