25- हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करते सीएम योगी आदित्यनाथ- सूचना विभाग
- फोटो : सांकेतिक
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामनगरी पहुंचे तो हनुमानगढ़ी में संतों से मुलाकात के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री की माता के निधन पर संतों ने उनसे मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया। संतों के स्नेह और आत्मीयता के बीच मुख्यमंत्री कुछ देर उनके साथ रहे। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमंतलला के दर्शन-पूजन कर आरती उतारी। फिर रामलला के दरबार में पहुंचकर माथा टेका।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सोमवार को रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां गद्दीनशीन महंत प्रेमदास, महंत गौरीशंकर दास, महंत धर्मदास, महंत हेमंत दास, पुजारी रमेश दास, पुजारी राजू दास समेत अन्य संतों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान संतों ने उनकी माता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख साझा किया और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने भी संतों से आत्मीयता से बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना।
संतों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने हनुमंतलला के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया और आरती उतारी।
श्रद्धालुओं का हाथ हिलाकर स्वीकार किया अभिवादन
इसके बाद वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां रामलला के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने प्रभु के चरणों में साष्टांग दंडवत किया। कुछ देर तक मंदिर में रहकर उन्होंने श्रद्धापूर्वक शीश नवाया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का हाथ हिलाकर अभिवादन भी स्वीकार किया।
राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, सचिव जगदीश आफले और ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे कार्यों की जानकारी भी ली।