भेलसर। रुदौली से भाजपा विधायक रामचंद्र यादव से पिता की मृत्यु का झांसा देकर 24 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को मवई निवासी अमित कुमार बताते हुए मुंबई में पिता की मृत्यु होने और शव गांव लाने के लिए एंबुलेंस के डीजल का खर्च मांगा था। विधायक ने फोन-पे के माध्यम से दो किस्तों में रकम भेज दी। बाद में जांच करने पर पता चला कि गांव में इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं है। मामले में विधायक के सहयोगी विकास कुमार ने 28 अक्तूबर को बाबा बाजार थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
विकास कुमार के अनुसार, 16 अक्तूबर को विधायक के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने पिता की मृत्यु होने की बात कहकर 18 हजार रुपये मांगे। अगले दिन उसने छह हजार रुपये और मांगे। विधायक ने दोनों बार में कुल 24 हजार रुपये भेज दिए।
बाद में शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए विधायक ने मवई निवासी अमित कुमार के घर जाने की जानकारी जुटाई तो ठगी का पता चला। गांव में न तो इस नाम का कोई व्यक्ति मिला और न ही किसी की मृत्यु होने की पुष्टि हुई। सीओ रुदौली अरविंद सोनकर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
साइबर ठगों से ऐसे बचें
- अनजान व्यक्ति के आपात स्थिति बताने पर तुरंत रुपये न भेजें।
- संबंधित व्यक्ति और उसके परिवार की पहचान विश्वसनीय स्रोत से सत्यापित करें।
- भावनात्मक दबाव में आकर जल्दबाजी में लेनदेन न करें।
- साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।