रुदौली। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के मामले में रुदौली विधानसभा क्षेत्र जिले में पहले स्थान पर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक से 31 अक्तूबर तक चले विशेष अभियान में यहां 7285 नए लोगों के नाम जोड़े गए। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में यह सबसे अधिक संख्या है।
इधर, विधानसभा क्षेत्र में मतदान बूथों की संख्या में भी बदलाव हुआ है। पहले यहां 413 मतदान बूथ थे। इनमें से पांच बूथ समाप्त किए जाने के बाद अब इनकी संख्या घटकर 408 रह गई है। एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि विशेष अभियान के तहत रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 7285 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। यह जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में सर्वाधिक है। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना था।