अयोध्या। अयोध्या कैंट-जफराबाद रेलखंड पर पांच लेवल क्रॉसिंग को खत्म कर रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) बनाए जाएंगे। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने इसके लिए 36.74 करोड़ रुपये की लागत तय की है। आरयूबी बनने के बाद फाटक बंद कर ट्रेनों को गुजारने की व्यवस्था खत्म हो जाएगी और वाहनों को रेल लाइन के नीचे से निकाला जाएगा।
आरयूबी के लिए एलसी 49 स्पेशल, 52 सी, 53 सी, 69 सी और 71 सी को चिह्नित किया गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, आठ अक्तूबर को टेंडर की बोली लगेगी। टेंडर फाइनल होने के बाद एजेंसी तय कर वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। आरयूबी बनने से फाटक बंद होने के कारण लगने वाला जाम कम होगा और सड़क यातायात निर्बाध हो सकेगा।
इस बार रेलवे बजट की पिंक बुक में इस रेलखंड की छह क्रॉसिंग को आरयूबी में बदलने के लिए 46.71 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था। मौजूदा टेंडर में पांच क्रॉसिंग को शामिल किया गया है। बची एक क्रॉसिंग को अगले चरण में लिया जा सकता है।
पांच गेटमैन की जरूरत होगी खत्म
आरयूबी बनने के बाद ट्रेनों को फाटक पर रोके बिना गुजारा जा सकेगा। इससे ट्रेन संचालन में तेजी आएगी और समय की बचत होगी। सड़क यात्रियों को 24 घंटे रास्ता मिलेगा। एंबुलेंस और स्कूल बसों को फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कोहरे में हादसों का जोखिम भी कम होगा। साथ ही पांच गेटमैन की तैनाती की जरूरत खत्म हो जाएगी।