सावन के पहले सोमवार को लेकर राम की पैड़ी में बैरिकेटिंग लगाते कर्मचारी।
अयोध्या। सावन के पहले सोमवार पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। नागेश्वर नाथ, क्षीरेश्वर मंदिर और घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है, जबकि कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
बाईपास की ओर से आने वाले कॉमर्शियल वाहन, ऑटो और विक्रम को लता चौक से आगे नहीं जा सकेंगे। इन्हें महोबरा, आशिफ बाग और रामघाट चौराहे तक ही जाने की अनुमति होगी। अयोध्या धाम के स्थानीय निवासी परिक्रमा मार्ग और चूड़ामणि मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
गोंडा की तरफ से आने वाले सभी वाहनों को लकड़मंडी चौराहे से हाईवे की ओर भेजा जाएगा। वहीं, लता चौक, बंधा तिराहा, अस्पताल से छोटी छावनी, दीनबंधु चौराहा से हनुमानगढ़ी और श्रीराम अस्पताल से हनुमानगढ़ी तक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बाहरी जिलों से आने वाले वाहन हनुमान गुफा तक ही जा सकेंगे। एसपी ट्रैफिक एपी सिंह ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और भीड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन लेकर न जाने की अपील की है।(संवाद)