फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: तीन साल में ही उखड़ने लगीं करोड़ों की सड़कें

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान की जमीनी हकीकत सरकारी दावों से इतर नजर आ रही है। जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कें तीन साल भी नहीं टिक पा रही हैं। कहीं डामर और गिट्टियां उखड़कर सड़क पर बिखर रही हैं तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हैं।
विज्ञापन

गड्ढामुक्ति अभियान के तहत मरम्मत के नाम पर भी कई जगह महज पैबंद लगाए जा रहे हैं। खराब हिस्से की सफाई, निर्धारित मोटाई में डामर बिछाने और गुणवत्ता जांच जैसी प्रक्रियाओं की अनदेखी के आरोप हैं। अनुरक्षण अवधि शेष होने के बावजूद सड़कों का उखड़ना निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसबी सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्यों की निगरानी की जाती है। गुणवत्ता में कमी या दोबारा गड्ढे होने की शिकायत मिलने पर मौके की जांच कराई जाती है। संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम कराने के निर्देश दिए जाते हैं।
विज्ञापन


तीन साल में ही उखड़ने लगी 9.63 करोड़ की सड़क, जगह-जगह गड्ढे
रुदौली। दलसराय तक करीब पांच किमी लंबी सड़क निर्माण के तीन साल के भीतर ही बदहाल होने लगी है। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क का निर्माण करीब 9 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से कराया था। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां और बोल्डर उखड़ गए हैं। कई स्थानों पर गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। वर्ष 2023 में सड़क निर्माण के करीब नौ महीने बाद ही इसकी परतें उखड़ने लगीं। स्थानीय निवासी अच्छू, अलीम, रामकृष्ण यादव और दल बहादुर सिंह का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब हो रही है।

पांच साल की अनुरक्षण अवधि, फिर भी तीन साल में जर्जर हुई सड़क
मिल्कीपुर। अयोध्या-रायबरेली राजमार्ग से वाया इटौंजा पूरे भद्री गांव तक जाने वाली 6.2 किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री सड़क तीन साल में ही गड्ढों में तब्दील हो गई है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने सितंबर 2023 में 305.95 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया था। सड़क की अनुरक्षण अवधि सितंबर 2028 तक है, लेकिन जगह-जगह गड्ढे बन जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

गड्ढों में सफेद पत्थर डालकर छोड़ा, उखड़ रहीं गिट्टियां
तारुन। बालापुर चौराहे से कूरी पुरुषोत्तमपुर तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क की हालत जर्जर है। लगभग तीन वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग ने इसका निर्माण कराया था, लेकिन कुछ समय बाद ही गिट्टियां उखड़ने लगीं। अब सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अक्टूबर में विभाग की ओर से गड्ढों में सफेद पत्थर के टुकड़े डालकर मरम्मत की औपचारिकता पूरी कर दी गई। न तो काली गिट्टी डाली गई और न ही तारकोल का इस्तेमाल किया गया। इससे सड़क की हालत और बिगड़ गई। उखड़ी गिट्टियों और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक और साइकिल सवार अक्सर चोटिल हो रहे हैं।

पांच साल तक ठेकेदार की जवाबदेही
सड़क निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रक्रियाएं हैं। मरम्मत से पहले खराब हिस्से को हटाना, सतह की सफाई करना और कमजोर परत को दुरुस्त करना जरूरी है। इसके बाद निर्धारित मोटाई में डामर डालकर उसकी उचित दबाई की जाती है। निर्माण सामग्री, मोटाई और घनत्व के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच भी होनी चाहिए। अनुबंध के तहत पांच साल तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है। कमी मिलने पर सिक्योरिटी जब्त करने और ठेकेदार के खर्च पर दोबारा मरम्मत कराने का भी प्रावधान है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें