भेलसर। रुदौली नगर पालिका अंतर्गत जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्य सड़कों के साथ साथ गलियों को भी खोद डाला गया। जिससे नगर की सूरत ही बिगड़ गई है। पूर्व में करोड़ों रुपये की सड़कों को ये कहकर खोद डाला गया था कि इसकी मरम्मत भी कराई जाएगी। एक वर्ष बाद भी मरम्मत का कार्य पूरा नहीं कराया गया।
अब गलियों की सीसी, इंटरलॉकिंग व पक्की सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। मरम्मत कार्य न कराए जाने से सड़कों पर जगह-जगह गड्ढा बन गया है। अब इन सड़कों पर चलने वाले वाहनों से जमीन धंस जाती है। ऐसे ही मोहल्ला घोसियाना में मौरंग से लोड ट्रक का चक्का धंस जाने से पलट गया था। गनीमत रही कि कोई ट्रक के आसपास नहीं था। कई जगह दो पहिया वाहनों के चक्का धंसने से दर्जनों लोग चोटिल हो चुके है।
केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन के तहत अब 10 हजार घरों तक पाइप लाइन पहुंचाकर टोटियां लगाने के लिए 45 किलोमीटर से अधिक गलियां और सड़कें खोदी जा चुकी हैं। सड़कें खोदने के बाद जल निगम ने पानी की जो पाइप लाइनें बिछाईं उसे भी काफी समय हो चुका है, लेकिन मरम्मत का काम अभी तक शुरू नहीं किया गया है। पाइप लाइनों की लीकेज टेस्टिंग नहीं होने के कारण सड़कों की मरम्मत का काम अधर में लटका है। नगर पालिका प्रशासन सड़कों की मरम्मत के लिए पैसा न होने की बात कह रहा है।
पाइपलाइन बिछाने में गलियों की सड़क भी बर्बाद हो गई। नगर में खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने के लिए जल निगम विभाग को पत्र भेजा जाएगा।
सुरेश कुमार मौर्य-अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका रुदौली