अयोध्या। शहर में सीवर और नाला निर्माण के लिए खोदी गई सड़कें बारिश के बाद लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई हैं। निर्माण कार्य के दौरान उखाड़ी गई सड़कों को दुरुस्त नहीं किए जाने से बारिश का पानी और मिट्टी मिलकर कीचड़ में तब्दील हो गई है। लोगों को घरों से निकलने से लेकर मुख्य सड़क तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। धनीराम का पुरवा, देवकाली में साकेत निलयम के बगल वाली गली, नीलगोदम और पटरी वाली गली में स्थिति ज्यादा खराब है।
इन इलाकों में सीवर और नाला निर्माण के लिए रास्तों की खुदाई तो कर दी गई लेकिन काम के बाद भी उन्हें चलने लायक नहीं बनाया गया। बारिश ने इन रास्तों की हालत और बिगाड़ दी है। कहीं मिट्टी की मोटी परत जम गई है तो कहीं कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को भी इन रास्तों से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। नगर निगम की ओर से बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि जिन क्षेत्रों में सीवर और नाला निर्माण के चलते सड़कें खोदी गई हैं और बारिश से कीचड़ की समस्या पैदा हुई है, वहां संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को रास्ते दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और समतलीकरण कराया जाएगा।