अयोध्या। राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में वार्ड बॉय की ड्यूटी और जिम्मेदारियों को लेकर मरीजों व स्टाफ के बीच होने वाले विवाद को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कार्य स्पष्ट कर दिए हैं। वार्ड बॉय मरीजों को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर से ओटी, एक्स-रे और लैब तक पहुंचाने में मदद करेंगे। नए मरीज को बेड देने, बेडशीट लगाने और खाना-पानी देने में स्टाफ नर्स का सहयोग करेंगे। वार्ड की साफ-सफाई, बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर और ट्राली व्यवस्थित रखना तथा खराबी की सूचना देना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। डॉक्टर के राउंड में साथ रहना, दवा व जांच नमूने लैब पहुंचाना, ओटी का सामान ले जाना और शव को मोर्चरी पहुंचाना होगा। वार्ड के सामान का हिसाब रखना, बाहरी लोगों की निगरानी और रात में हर घंटे रिपोर्टिंग भी करनी होगी।