अयोध्या। जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को एक सांस रोगी की मौत होने से हलचल मच गई। इससे पहले मरीज इमरजेंसी भी गया था, जिसे भर्ती न करके ओपीडी में भेज दिया गया था। इससे परिजन आक्रोशित हुए और लापरवाही का आरोप लगाया।
शहर के वजीरगंज जप्ती निवासी बिंदू (45) सांस की बीमारी के चलते बुधवार की दोपहर में लगभग एक बजे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे थे। परिजन मनीष और महेश का आरोप है कि इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक ने उन्हें भर्ती न करके एक इंजेक्शन लगाकर उन्हें ओपीडी के कक्ष संख्या 14 में भेज दिया। ओपीडी में पहुंचते ही मरीज की मौत हो गई तो परिजन हंगामा करने लगे। इस दौरान ओपीडी में गहमा-गहमी का माहौल रहा। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया तो परिजन शव लेकर चले गए। प्रभारी प्रमुख अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होगी। (संवाद)