रुदौली। दुबई में गंभीर बीमारी से जूझ रहे पकड़िया गांव के श्रमिक राकेश कुमार यादव की सकुशल वतन वापसी हो गई है। वह दुबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। 14 जुलाई को सीने में दर्द के बाद उनकी हार्ट की सर्जरी हुई, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। परिजनों ने ग्राम प्रधान अर्जुन यादव के माध्यम से विधायक रामचंद्र यादव से मदद मांगी थी।
विधायक ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर राकेश के बेहतर इलाज और वापसी का अनुरोध किया था। वह बुधवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। राकेश और उनके साथ लौटे विनोद यादव ने विधायक को बताया कि कंपनी ने उनका करीब एक लाख रुपये वेतन रोक रखा है।
बीमारी के दौरान कंपनी ने कोई मदद नहीं की। विधायक ने बकाया वेतन दिलाने के लिए विदेश मंत्रालय को दोबारा पत्र लिखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत भारतीय श्रमिकों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए वह विदेश मंत्री से मुलाकात करेंगे।