अयोध्या। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सोमवार को आयोजित रोजगार मेला में देश के साथ विदेश में भी नौकरी के अवसर मिले। एक कंपनी ने दुबई और अबूधाबी में कंस्ट्रक्शन व डिलीवरी राइडर के पदों पर पंजीकरण कराया। वहीं, यूरोप में वेयरहाउस और ड्राइवर के काम के लिए भी युवाओं से आवेदन लिए गए।
मेले में पहुंची 30 कंपनियों ने करीब 1258 युवाओं को जॉब ऑफर दिए। मेले में हाईस्कूल से परास्नातक तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के साथ आईटीआई और डिप्लोमा धारक युवा भी पहुंचे। कंपनियों ने कंस्ट्रक्शन, मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग और सिक्योरिटी गार्ड सहित कई क्षेत्रों में नौकरी के प्रस्ताव दिए। अयोध्या के अलावा गुजरात, गुरुग्राम, हरियाणा, पंजाब और चेन्नई सहित अन्य कंपनियां भी अपने यहां नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन करने पहुंचीं।
बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान भी रोजगार मेले में पहुंचे। अलग-अलग स्टॉल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अलग अलग समय में प्रदेश के विभिन्न जिलों में रोजगार मेला का आयोजन करवा रही है।