अयोध्या। रामनगरी दसवें दीपोत्सव पर एक और विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए तैयार है। राम की पैड़ी सहित सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये सजाए जा चुके हैं। अवध विश्वविद्यालय के 35 हजार स्वयंसेवकों ने तीन दिन की मेहनत के बाद शुक्रवार को दीप सज्जा का काम पूरा कर लिया।
शनिवार शाम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दीप प्रज्ज्वलन के बाद सभी घाटों पर एक साथ दीप जलाए जाएंगे। दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र ने बताया कि शनिवार सुबह से स्वयंसेवक दीयों में तेल और बाती डालने का काम करेंगे। इसके लिए 900 घाट समन्वयक, 112 घाट प्रभारी और 27 पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रत्येक टीम को अपने क्षेत्र का काम निर्धारित समय में पूरा करना होगा।
दीप सज्जा पूरी होने के बाद कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। स्वयंसेवकों ने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से इसे संभव बनाया है।
दीप प्रज्ज्वलन के दौरान इन सावधानियों का रखें ध्यान
स्वयंसेवक दीप प्रज्ज्वलन के दौरान सूती कपड़े पहनें। सिंथेटिक और ढीले वस्त्रों से बचें। लंबे बाल बांधकर रखें और दुपट्टे को संभालकर रखें। तेल डालते समय दीयों के आसपास तेल न फैलने दें। जलते दीपों के पास तेल की बोतल या अन्य ज्वलनशील सामग्री न रखें। आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय घाट प्रभारी और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें। भीड़ में धक्का-मुक्की न करें और निर्धारित रास्तों से ही आवागमन करें।
राम की पैड़ी पर सजे दीप।
राम की पैड़ी पर सजे दीप।