अयोध्या। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। उमस से राहत मिलने के साथ खेतों में नमी बढ़ी, लेकिन शहर के कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से परेशानी बढ़ गई। सोमवार को शहर व पिरखौली-सोहावल में 20.6 मिलीमीटर तथा कुमारगंज में 22.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश धान समेत खरीफ फसलों के लिए फिलहाल फायदेमंद है और किसानों को सिंचाई से राहत मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे रास्तों पर कीचड़ बढ़ गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
बारिश से शहर में करीब नौ हजार लोग प्रभावित
शहर में बारिश के बाद करीब नौ हजार लोग जलभराव और कीचड़ से परेशान रहे। श्रीराम अस्पताल के सामने पानी भरने से मरीज-तीमारदारों को पानी से गुजरना पड़ा, जबकि पटवारी का पुरवा मार्ग पर स्कूली बच्चे भी प्रभावित हुए। ऋषि टोला, आदर्श नगर कॉलोनी, कोरखाना और बेनीगंज-रामपथ मार्ग पर नाले की सफाई न होने से जलभराव रहा। धनीराम का पुरवा व अश्वनीपुरम में सीवर कार्य बाद सड़क न बनने से फिसलन रही और दोपहिया वाहन फिसले। बाबा का पुरवा में बारिश में निर्माण जारी रहा। विस्तारित क्षेत्रों में भी परेशानी रही।
अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकासी कराई जा रही है। नालियों की सफाई और सीवर कार्य के बाद सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।