उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में कंछल व अन्य।
अयोध्या। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने जनपद के व्यापारियों की समस्याएं सुनी। मंगलवार को जनपद आगमन पर हुई बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याओं कोे प्रमुखता के साथ उठाया। कंछल ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री से मिलकर इन मुद्दों का समाधान कराने का विश्वास दिलाया।
बैठक में जिला पंचायत की ओर से लाइसेंस शुल्क और सीपी टैक्स को दोगुना करने का विरोध किया गया। इसके साथ ही पीसीएफ की ओर से 15 से कम ट्रक वाले ट्रांसपोर्टरों को टेंडर प्रक्रिया में अयोग्य घोषित करने की नीति पर सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में नई फैक्टरी स्थापित करने पर मिलने वाली 7.5 फीसदी एनर्जी टैक्स में छूट हटा दी गई है। यह प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए नकारात्मक है। इस छूट को पुनः लागू किया जाना चाहिए।
कारोबारियों ने पांच सौ वर्ग मीटर तक की नजूल भूमि और प्लॉट को फ्रीहोल्ड कर दाखिल खारिज करने की मांग रखी, ताकि आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके। बैठक में ईंट निर्माता समिति के प्रदेश मंत्री संजय सावलानी, ट्रांसपोर्ट कारोबारी जसबीर सिंह सेठी, लघु उद्योग भारती के आशीष अग्रवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री नीरज जायसवाल, सरदार सुरेंद्र सिंह गांधी, जसबीर सिंह, यशस्पति अग्रवाल सहित कई व्यापारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। महानगर महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल ने स्वागत और शांतनु सिंह ने आभार व्यक्त किया।
संगठनात्मक विस्तार का रखा प्रस्ताव
बैठक में महानगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता ने व्यापार मंडल के संगठनात्मक विस्तार का प्रस्ताव रखा। इसके तहत पूरे जिले की हर बाजार में संगठन को पुनर्गठित किया जाए ताकि संगठन मजबूत हो। इसके लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।