अयोध्या। गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर खिड़की अलीबेग स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण से बृहस्पतिवार को नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा कसाबबाड़ा, चौक, जमुनिया बाग होते हुए वापस पुलिस लाइन स्थित गुरुद्वारे पर समाप्त हुई।
इससे पूर्व शोभायात्रा को महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजय गुप्ता ने झंडी दिखा कर रवाना किया। नगर कीर्तन शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा की अगुवाई 20 मोटर साइकिल सवार श्रद्धालुओं ने किया। शोभायात्रा में सरदार तरविंदर सिंह और उनके साथियों ने भजन-कीर्तन किया। शोभायात्रा में शामिल गुरु महाराज की पालकी पर सिख समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा की। रास्ते में 20 से अधिक प्रसाद वितरण का स्टाल लगाए गए। 28 दिसंबर को गुरुद्वारा दुख निवारण में प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इसमें रागी जत्थों की ओर से भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। इस आयोजन में शामिल होने के लिए अमृतसर से भी सिख संगत शनिवार को अयोध्या पहुंचेगी।
शोभायात्रा में बच्चों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसमें गुरु नानक एकेडमी गर्ल्स इंटर कॉलेज उसरु व खिड़की अलीबाग स्थित गुरु नानक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुति दी। भांगड़ा की धुन पर बच्चों ने नृत्य करते हुए समा बांध दिया। गुरुद्वारा दुख निवारण से जुड़े प्रतिपाल सिंह पाली ने बताया कि शोभायात्रा का का स्वागत कसाबबाड़ा में पूर्व पार्षद फरीद कुरैशी ने अपने 15 सदस्याें के साथ किया। रिकाबगंज में अनिल माखेजा, सुभाष नगर में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी व इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन ने स्वागत किया। शोभायात्रा में सिंधी समाज के साईं नितिन राम, सरदार राजेंद्र सिंह छाबड़ा, पवन जिवानी, अमृत राजपाल, जसवीर सिंह सेठी, सतनाम सिंह जब्बल ,अमनदीप सिंह , गगनदीप सिंह, सुरेंद्र सिंह राणा, आत्मजीत सिंह मक्कड़, आदित्य प्रताप, अरुण सिंह, भाजपा नेता शक्ति सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
मिशन शक्ति की प्रस्तुति ने मोहा मन
गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव पर निकली शोभायात्रा में विद्यार्थियों ने मिशन शक्ति की प्रस्तुति दी व हाथ में जागरूकता संदेश की तख्ती से लोगों को जागरूक किया गया। शोभायात्रा में साइबर क्राइम, यातायात नियम, वुमन वर्ल्ड कप, मोबाइल से हो रहे मानसिक अवसाद, वृद्धा आश्रम, रामदरबार व अवध नगरिया की प्रस्तुति को लोगों ने खूब सराहा।