भदरसा प्राथमिक विद्यालय में पैमाइश करते कर्मी।
अयोध्या। भदरसा के प्राथमिक विद्यालय की जमीन की तहसील प्रशासन और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने पैमाइश की। इस दौरान विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण और अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित किया गया। एसडीएम सोहावल अशोक सैनी ने स्कूल के आसपास के घर के साथ दुकानों की भी नाप-जोख करवाई। अवैध कब्जेदारों को पहले नोटिस दी जाएगी। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
एसडीएम सोहावल के साथ सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी व नगर पंचायत के ईओ इंद्र प्रताप के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम बृहस्पतिवार को दोपहर 12.15 बजे भदरसा के प्राथमिक विद्यालय पहुंची। टीम में नायब तहसीलदार शेखर शुक्ल समेत अन्य कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। टीम के यहां पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर पहुंच गई। टीम की ओर से विद्यालय की जमीन के अभिलेखों के अनुसार पहले परिसर का मुआयना किया गया।
इसके बाद विद्यालय के सामने के खेल के मैदान की नाप-जोख हुई। इस पूरे मैदान पर टीम को अवैध कब्जा कर दुकानों का संचालन होता मिला। यहां पर अंडा, चाय, पकौड़ी, सब्जी और फलों की दुकानों का संचालन किया जा रहा है। नगर पंचायत कर्मियों ने इस पूरे खेल के मैदान को नापा। इसके बाद स्कूल के दाहिने हिस्से में बने मकान और दुकानों की भी पैमाइश की गई। इस दौरान पता चला कि नगर पंचायत की ओर से सुलभ शौचालय का निर्माण भी विद्यालय की जमीन पर करवा दिया गया है। इतना ही नहीं नाले पर कब्जा करते हुए एक मकान का निर्माण कराया जा रहा था। एसडीएम ने मकान का निर्माण करवा रहे परिवार से जमीन के अभिलेख तलब किए हैं। करीब डेढ़ घंटे तक यहां पर पैमाइश की प्रक्रिया चलती रही।
इस बारे में एसडीएम सोहावल ने बताया कि डीएम चंद्र विजय सिंह का आदेश है कि जहां भी परिषदीय विद्यालय हैं, उनकी भूमि का चिन्हीकरण किया जाए। इस दौरान यदि अवैध कब्जे पाएं जाएं तो उन्हें हटाया जाए। इसी कड़ी में भदरसा के प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर भी अवैध कब्जे किए जाने की शिकायत मिली थी। बीएसए संतोष राय ने भी इसे लेकर पत्र लिखा है। इसके बाद यहां पर टीम जांच कर रही है कि इस विद्यालय की कितनी जमीन है और कितने क्षेत्र पर कब्जा कर लिया गया है। इस विद्यालय की 1600 वर्ग मीटर जमीन सरकारी अभिलेखों में दर्ज है। इसके काफी क्षेत्र पर अवैध कब्जे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष व आरोपी सपा नेता भी भूमिका भी होगी तय
प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष राशिद खान और किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी सपा के नगर अध्यक्ष मोईद खान की भूमिका भी तय होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार को धमकी देने के आरोपी भी हैं। तहसील प्रशासन के अफसरों को संदेह है कि इन दोनों की शह पर ही विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण और कब्जे किए गए हैं।