विकास योजनाओं का निरीक्षण करते डीजी पर्यटन।
अयोध्या। पर्यटन विभाग के महानिदेशक (डीजी पर्यटन) शनिवार को अयोध्या पहुंचे और तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद की ओर से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटक सुविधाओं, सुंदरीकरण और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नयाघाट स्थित लता चौक का निरीक्षण करते हुए उन्होंने क्षेत्र को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीजी पर्यटन ने पर्यटक आवास गृह, पर्यटन कार्यालय, सरयू तट पर चल रहे विकास कार्यों तथा हनुमानगढ़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन कैनोपी का अवलोकन किया। उन्होंने परियोजनाओं की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, इसलिए प्रमुख स्थलों पर सुगम आवागमन, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। डीजी पर्यटन ने सरयू तट पर हो रहे कार्यों की भी समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्राप्त की गई।
इस अवसर पर उपनिदेशक पर्यटन ब्रजपाल सिंह सहित पर्यटन विभाग और संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।