अयोध्या। जिले में पहली बार राज्य स्तरीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 27 व 28 फरवरी को डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमार में होगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
प्रतियोगिता में अंडर-20 आयु वर्ग के बालक-बालिका व महिला-पुरुष वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजन के दौरान 60 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 60 मीटर हर्डल, लॉन्ग जंप और ट्रिपल जंप जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही सातवीं 400 मीटर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें अंडर-18 व अंडर-20 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि इस स्तर की प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के सचिव नरेंद्र कुमार ने जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव परमेंद्र सिंह को आयोजन सचिव व रोहित त्रिपाठी को आयोजन सह सचिव नियुक्त किया है।