अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सोमवार की दोपहर अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम मंदिर जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। पहले दिन उन्होंने करीब दो घंटे तक पूरे परिसर का भ्रमण किया। निर्माण समिति की बैठक मंगलवार से शुरू होगी। बैठक में ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों पर मंथन होगा। इससे पहले सोमवार को नृपेंद्र मिश्र ने परकोटा निर्माण के कार्यों का निरीक्षण किया। परिसर में पूरे हो चुके मंदिरों की यथास्थिति देखी। परिसर में साफ-सफाई का काम तेज करने को कहा। वहीं नृपेंद्र मिश्र के समक्ष एलएंडटी के इंजीनियरों ने राम मंदिर के शिखर पर ध्वज आरोहण करने का ट्रायल किया। बैठक में ध्वज की गुणवत्ता पर अंतिम मुहर लग सकती है। ध्वज का निर्माण नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगा। मौसमी प्रभाव से ध्वज लंबे समय तक सुरक्षित रहे इसको लेकर बैठक में चर्चा की जाएगी।