अयोध्या। विद्याभारती युवा पीढ़ी को संस्कृति व संस्कार से परिचित कराने की तैयारी कर रही है। विद्या भारती इसको लेकर अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत चयनित अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित पुस्तकें बच्चों को पढ़ाई जाएंगी।
विद्याभारती के क्षेत्र प्रमुख राजकुमार सिंह ने अमर उजाला से इस अभियान को साझा करते हुए बताया कि भारत में ही भारतीय संस्कृति को बचाने का अभियान चलाना पड़ रहा है। विद्याभारती ने नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित पुस्तक संस्कृति बोध माला का प्रकाशन किया है।
यह पुस्तक 10 खंडों में प्रकाशित की गई है। हर एक खंड के कवर पेज पर देश के प्रमुख मंदिरों की जानकारी दी गई है। साथ ही अलग-अलग खंडों में भारत की भौगोलिक व सांस्कृतिक स्थिति, महापुरुष, प्राचीन संस्कृति, ज्ञान परंपरा, गौरवशाली अतीत आदि की जानकारी अंग्रेजी माध्यम के छात्रों को दी जाएगी ताकि वे अपनी संस्कृति से जुड़े रहें।
बताया कि विद्याभारती ने पूर्वी उत्तर प्रदेश को चार प्रांतों में बांट रखा है। इनमें काशी, अवध, गोरक्ष व कानुपर प्रांत शामिल है। हर प्रांत में एक-एक संयोजक बनाए गए हैं। ये संयोजक अपने-अपने क्षेत्र के अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों का चयन कर इन पुस्तकों को स्कूलों में पहुंचाएंगे।